
-भाजपा अध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति, पदाधिकारी और कोर कमेटी बैठक संग पूर्व सैनिक एवं सिख सम्मेलन को करेंगे संबोधित
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय प्रवास पर बुधवार को हल्द्वानी आएंगे। इस दौरे के दौरान वह प्रदेश कार्यसमिति, पदाधिकारी और कोर कमेटी बैठक के साथ पूर्व सैनिक सम्मेलन एवं सिख सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
नितिन नबीन रेल मार्ग से बुधवार की सुबह नैनीताल जनपद के लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। वह रामपुर रोड स्थित होटल विंटेज ग्रीन में सबसे पहले प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। तदुपरांत उसी दिन सायंकाल वह प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे और सांगठनिक कार्यक्रमों एवं चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश देंगे। अगले दिन 10 सितंबर को नबीन प्रातः पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर चलाये जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की अहम बैठक लेंगे। जिसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक को संबोधित कर चुनावी रणनीति पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देंगे। इसी दिन दोपहर वह पूर्व सैनिक सम्मेलन एवं अपराह्न सिख गौरव सम्मेलन को संबोधित करेंगे। गौरतलब है कि नितिन नबीन कुछ माह पहले देहरादून आए थे जब उन्होंने गढ़वाल मंडल में संगठनात्मक मजबूती की टोह ली थी। अब वह कुमाऊं मंडल में पार्टी के कील कांटे दुरुस्त करेंगे।
जीत की हैट्रिक पर बनेगी रणनीति: भट्ट
राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को लेकर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि हम सबके लिए गर्व का विषय है, प्रदेश कार्यसमिति एवं पदाधिकारी को मार्गदर्शन प्राप्त होना। चूंकि आने वाले दिनों में राज्य विधानसभा चुनावों की तरफ निर्णायक तरीके बढ़ने जा रहा है। जिसको लेकर पार्टी द्वारा चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है, उसे अंतिम रूप देने के लिए लगातार बैठकें हो रही हैं।
ऐसे में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हमारे बीच आना और मार्गदर्शन देना, हम सबके लिए बेहद उत्साहवर्धक एवं रणनीति को सौ फीसदी सटीक बनाने वाला होगा। हमे विश्वास है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन, डबल इंजन सरकार के कामों के आधार पर जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति को निर्णायक रूप देगा।