कांग्रेस के दबाव का हुआ असर, हल्द्वानी रामलीला मैदान शुद्धीकरण मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रामलीला मैदान में की थी जनसभा, 11 को मैदान में मंच का हुआ था शुद्धीकरण

देहरादून:

फाइल फोटो

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद कथित शुद्धिकरण के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को सौंपी गई है। इस विषय को लेकर कांग्रेस लगातार धरना प्रदर्शन कर रही थी और 15 अगस्त को संबंधित थाने में तहरीर दी थी। हालांकि इस मामले में एक एफआईआर बेंगुलुरू में दर्ज हो चुकी है। जीरो अपराध संख्या के तहत दर्ज इस मुकदमे की तफ्तीश भी हल्द्वानी पुलिस ही करेगी।

अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर हल्द्वानी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(R) के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रैली के बाद रामलीला मैदान में शुद्धिकरण की कार्रवाई की गई। इसे जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान तथा अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा और हीनता का भाव रखने से जुड़ा बताया गया है। गौरतलब है कि हल्द्वानी थाने में राहुल गांधी के खिलाफ भी एक मुकदमा दर्ज हो चुका है जिसमें शुद्धिकरण में शामिल एक शख्स वादी है और उसने खुद को एससी समुदाय का बताते हुए राहुल गांधी पर दलित के अपमान का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटना से संबंधित वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। शुद्धिकरण की कार्रवाई में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि घटना के पीछे किन लोगों की भूमिका थी।

दलित उत्पीड़न पर भाजपा भी मुखर

इस मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से लंबे समय से मुकदमा दर्ज करने की मांग की जा रही थी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। सोमवार को इस मसले को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया था। हालांकि पुलिस ने सीएम आवास से पहले ही कार्यकर्ताओं को रोक दिया और उन्हें हिरासत में लिया। उधर, भाजपा ने भी कांग्रेस पर जातीय वैमनस्य पैदा करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को प्रदेश भर में अम्बेडकर प्रतिमा के सामने धरना देकर सामाजिक समरसता दिवस मनाया था।  खास बात यह है कि यह कार्रवाई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के हल्द्वानी दौरे से ठीक पहले हुई है। ऐसे में FIR दर्ज होने के बाद हल्द्वानी में राजनीतिक विवाद के और गरमाने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *