
हल्द्वानी प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने और राहुल के खिलाफ दर्ज मामला वापस लेने को लेकर सीएम आवास कूच करेगी कांग्रेस
-मुख्य विपक्षी दल पर समाज को जातिवाद में बांटने का आरोप लगाते हुए अम्बेडकर प्रतिमा के सामने धरना देगी भाजपा
देहरादून, संवाददाता:
उत्तराखंड में सात सितम्बर यानी सोमवार को सियासी घमासान तय है। एक ओर कांग्रेस ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच करने का ऐलान किया है तो दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस के कथित जातिवादी राजनीति के खिलाफ प्रदेश भर में मंडल व बूथ स्तर पर सामाजिक समरसता दिवस मनाने का फैसला लिया है। सत्ताधारी और मुख्य विपक्षी दलों के इस घमासान के बीच पुलिस पशोपेश में है और कानून व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर गड़ाए हुई है। कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमार शैलजा भी देहरादून पहुंच चुकी है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सात सितंबर की सुबह 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में कांग्रेसी कार्यकर्ता एकत्र होंगे। वहां से बड़ी रैली के रूप में मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे। कांग्रेस ने दावा किया है कि यदि उनकी मांगों को सरकार पहले ही मान लेती है तो वो मुख्यमंत्री आवास कूच पर पुनर्विचार कर सकती है। मुख्य रूप से कांग्रेस की मांग है कि हल्द्वानी में शुद्धिकरण कराने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो, राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस ली जाए, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। हालांकि सरकार ने कांग्रेस की मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय लेने का इशारा नहीं किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कहना है कि हल्द्वानी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद जिस तरह वहां शुद्धिकरण किया गया, कानून के तहत उन दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदेश प्रभारी ने लिया तैयारियों का जायजा
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री आवास घेराव में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा देहरादून पहुंच चुकी हैं। रविवार को वह कार्यक्रम स्थल परेड ग्राउंड पहुंची जहां पर उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के साथ ही कांग्रेस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि घेराव कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं को इस कार्यक्रम में शामिल होने को कहा गया है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश सह प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, सह प्रभारी मनोज यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव महर्षि आदि मौजूद रहे।
हम समाज को बांटने नहीं देंगे: भाजपा
देहरादून : सोमवार को कांग्रेस के सीएम आवास कूच करने के जवाब में भाजपा ने मंडल व बूथ स्तर पर अम्बेडकर प्रतिमा के सामने धरना देकर सामाजिक समरसता का संदेश देने का फैसला किया है। भाजपा एससी मोर्चा प्रदेश के अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने बताया कि उत्तराखंड की एकता और सामाजिक सौहार्द के लिए एकजुट सद्भाव ही हमारी शक्ति है और समरसता ही हमारी पहचान है। सदियों से यहां हर वर्ग, हर समुदाय और हर व्यक्ति ने मिल-जुलकर उत्तराखण्ड की संस्कृति और पहचान को मजबूत किया है। आज राजनीतिक स्वार्थ और समाज को बांटने वाली मानसिकता के कारण हमारे सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे समय में हमारा दायित्व है कि हम किसी भी प्रकार के जातिवाद, वैमनस्य और विभाजनकारी सोच को उत्तराखंड की पावन धरती पर स्थान न दें। इसी संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी, अनुसूचित जाति मोर्चा उत्तराखंड द्वारा “सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना” आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा संदेश है कि हम उत्तराखण्ड को जाति के नाम पर बंटने नहीं देंगे। हम नफरत को बढ़ने नहीं देंगे। हम भाईचारे और सामाजिक समरसता को कमजोर नहीं होने देंगे।