उत्तराखंड में आमने-सामने आए भाजपाई और कांग्रेसी / Bjp and congress protests in front of each other

-पीएम आवास के सामने धरना प्रदर्शन के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय कूच

-जवाब में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने किया भाजपा दफ्तर घेरने का ऐलान, पुलिस ने संभाला मोर्चा

देहरादून, संवाददाता

राजधानी देहरादून में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय कूच करने जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने कांग्रेसी भी एकजुट होकर तैयार खड़े मिले। हालांकि पुलिस ने सूझबूझ से भाजपाइयों को कनक चौक पर और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एस्ले हाल चौक पर रोक लिया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस से धक्का मुक्की की।

प्रधानमंत्री आवास के सामने मंगलवार को राहुल गांधी व अन्य कांग्रेसी नेताओं के धरने से नाराज उत्तराखंड भाजपा ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सभी भाजपाई परेड ग्राउंड के समीप स्थित प्रदेश महानगर कार्यालय में एकत्र हुए। यहां से महेंद्र प्रदेश अध्यक्ष भट्ट के नेतृत्व में राजपुर रोड का रुख किया। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस और राहुल गांधी विरोधी नारे लगाते हुए कनक चौक पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें वहां रोक किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग कूदकर आगे बढ़ने की कोशिश की और इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और धक्का मुक्की हुई। इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गये। उधर, जवाब देने के लिए कांग्रेस ने भी भाजपा कार्यालय को घेरने का ऐलान कर दिया। जिस समय भाजपाई कनक चौक पर पहुंचे थे, उसी समय दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर राजपुर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय से भाजपा महानगर दफ्तर की ओर रवाना हुए। हाथों में अंडे, झंडे व बैनर लिए जैसे ही कांग्रेसी एस्ले हॉल चौक पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भी आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ उत्साही कांग्रेसी पुलिस बैरिकेडिंग कूदकर आगे बढ़ गए और पीएनबी तक पहुंच गये। हालांकि पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इस तरह बहुत कम फासले पर भाजपा और कांग्रेस पहुंच गए और एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। पूर्व के अनुभवों को देखते हुए पुलिस ने होशियारी दिखाई और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को एक दूसरे के सामने आने से रोक दिया।

 

“कांग्रेस का काम देश के अंदर अराजकता फैलाना है. जबकि, बीजेपी देश और प्रदेश के अंदर शांति चाहती है। कांग्रेस गुंडागर्दी करके लोगों को डराना चाहती है। कांग्रेस के नेताओं ने अलोकतांत्रिक तरीके से जो प्रदर्शन किया, उसके जवाब में बीजेपी ने शांतिपूर्वक तरीके से और पूर्व सूचना देकर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया है।”

– मनवीर चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी, बीजेपी

 

 

“कांग्रेस पहले तो धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रही थी, लेकिन अब प्रधानमंत्री का भी इस्तीफा होना चाहिए। छात्रों पर और युवाओं पर पुलिस ने लाठियां भांज कर जो दमनात्मक कार्रवाई की, उस पर प्रधानमंत्री का चुप्पी साधे रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। इसे किसी भी हाल में कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी.”

– राजेंद्र शाह, प्रदेश महामंत्री, कांग्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *