देहरादून.
उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने बुद्धवार को नई दिल्ली में देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने गृह मंत्री से मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।

भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपरा की प्रतीक, यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त “रम्माण” लोकनाट्य पर आधारित एक पुस्तक गृह मंत्री को भेंट की। साथ ही उन्होंने इस अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, संवर्धन एवं विस्तार की आवश्यकता पर अंतरराष्ट्रीय संसदीय अध्ययन, शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत से उन्हें अवगत कराया।
दिल्ली प्रवास के दूसरे दिन शुक्रवार को
ऋतु खण्डूडी भूषण ने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी के नव नियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने नितिन नवीन को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित कीं।
भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचय कराते हुए कुमाऊँ अंचल की पारंपरिक लोककला ऐपण से सुसज्जित, स्थानीय महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित शॉल नितिन नवीन को भेंट की। इस माध्यम से उन्होंने प्रदेश की लोककला, परंपराओं तथा महिला स्वावलंबन की भावना को प्रभावी रूप से रेखांकित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने नितिन नवीन को उनके नव दायित्व के लिए सफल, प्रभावी एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की मंगलकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनेगा।
