
-अपने खिलाफ एआई जनरेटेड वीडियो को भाजपा के डिजिटल पेज से डिलीट करने और माफ़ी की मांग
कहा, माफी नहीं मांगी तो जनवरी में लगातार छह दिनों तक दूंगा भाजपा कार्यालय के सामने धरना
देहरादून,
पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया। वह बीजेपी दफ्तर तक तो नहीं पहुंच पाए परंतु तेग बहादुर रोड से लाउडस्पीकर के जरिए अपनी मांगें भाजपा दफ्तर तक पहुंचाई और एआई जेनरेटेड वीडियो के आधार अपनी छवि को खराब करने का आरोप लगाते हुए उसे डिलीट करने या माफी की मांग की। हरीश रावत ने कहा कि यदि इस महीने के अंत तक भाजपा ने उनकी मांग नहीं मानी तो वह जनवरी में लगातार छह दिनों तक भाजपा दफ्तर पर धरना देंगे।
रीश रावत फिलवक्त उस वीडियो से परेशान हैं जो भाजपा के सोशल मीडिया पेज पर तैर रहा है। इस वीडियो में उन्हें पाकिस्तानी जासूस दिखाया गया है और उन्हें गोली मारने का दृश्य भी है। एआई जेनरेटेड इस वीडियो पर हरीश रावत का कहना है कि भाजपा ने इस जानबूझकर उनकी छवि को बदनाम करने के लिए तैयार कराया है। इस मामले में वह 23 दिसम्बर को राजधानी दून के नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा भी दर्ज करा चुके हैं। हरीश रावत की अगली मांग यह है कि भाजपा अपने कृत्य के लिए माफी मांगे और वीडियो को सोशल मीडिया पेज से डिलीट करे। इसी मांग को लेकर वह वीरवार को भाजपा दफ्तर पहुंचे थे। उनकी घोषणा की थी वह अकेले भाजपा दफ्तर जाएंगे। हालांकि इसके बावजूद काफी संख्या में समर्थक भी उनके साथ थे। किसी भी अप्रिय स्थिति को टालने के लिए पुलिस ने पहले ही भाजपा दफ्तर को छावनी में तब्दील कर दिया था। लिहाजा काफी मशक्कत के बाद हरीश रावत और उनके साथ चार कांग्रेस नेताओं को भाजपा दफ्तर से सौ मीटर की दूरी पर तेग बहादुर रोड और बलवीर रोड के नुक्कड़ तक जाने दिया गया।
मैं हरीश रावत आपसे प्रमाण मांगने..
पुलिस की घेराबंदी में हरीश रावत ने माइक थामा और भाजपा दफ्तर की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि ‘मैं हरीश रावत आपसे प्रमाण मांगने आया हूं’। आपने फेक वीडियो के सहारे मेरी छवि खराब की है। मुझे पाकिस्तानी जासूस कहा है। एक संभ्रांत नागरिक के लिए यह उसकी हत्या के समान है। आपने एक तरह से मेरी हत्या की है। आप इसका प्रमाण दें। नहीं तो माफी मांगे। हरीश रावत ने कहा कि इससे पहले वर्ष 2017 के चुनाव में भी आपने झूठ का सहारा लिया था और तत्कालीन मेरी सरकार पर जुम्मे की नमाज के लिए छुट्टी देने का आरोप लगाया था। मेरी चुनौती है कि यदि ऐसा कोई आदेश मैंने दिया था उसका गजट नोटिफिकेशन दिखाएं। इसी तरह वर्ष 2022 में भी झूठ की बुनियाद पर ही आपने अपनी सरकार बनाई। आपने कहा कि हरीश रावत ने मुस्लिम विश्वविद्यालय बनवाने की घोषणा की है। इससे जुड़ा कोई प्रमाण है तो आप दिखाएं। उन्होंने कहा कि आज आप अटल जी की जयंती मना रहे हैं। अटल जी समावेशी समाज में यकीन रखते थे। आप झूठ, जातिगत व धार्मिक वैमनस्य तथा राजनीतिक घृणा फैला रहे हैं। आप डेमोग्राफी चेंज की बात कर रहे हैं। मेरा मानना है कि यदि कोई डेमोग्राफिक चेंज हुआ तो उसका 75 प्रतिशत भाग आपके यानी भाजपा सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल में हुआ है। फिर भी यदि कोई घुसपैठिया है तो उसे बांग्लादेश की सीमा तक पहुंचाओ। मैं आपका साथ दूंगा।