-भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अंकिता हत्याकांड से जुड़े वायरल वीडियो को बताया अपुष्ट और मनगढ़ंत
देहरादून, 23 दिसम्बर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में वीआईपी का राग अलापने वाली कांग्रेस समय पर सबूत मांगने पर पीठ दिखा गयी। उन्होंने कहा कि मामले में अगर, कांग्रेस गंभीर होती तो अदालत में साक्ष्यों के साथ बयान दे सकती थी। उस समय डीजीपी ने सार्वजनिक अपील की थी कि यदि किसी को वीआईपी के बारे में जानकारी है तो आए और बताये। तब सभी मौन रहे। अब एक मनगढ़ंत और अपुष्ट वीडियो-ऑडियो के आधार पर अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है।
भट्ट ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में कड़ी जांच का ही नतीजा है कि आरोपी अभी तक बेल पर बाहर नहीं आ पाए। मृतका के परिवारजनों के मन के मुताबिक सरकारी वकील दिए और उनकी हर मांग को पूरा किया गया। सरकार का प्रयास रहा कि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा मिले। इसी कारण ऐसी पैरवी की गई कि अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा हुई। उन्होंने कहा कि वीडियो मे जिनके बयान और ऑडियो का जिक्र कांग्रेस के नेता कर रहे हैं वो रोज अपने बयान,अपने झगड़े और फिर समझौता और बयान बदलने के लिए जाने जाते हैं। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस चुनाव से पहले वीआईपी के राग को आलाप कर अपनी नाकामयाबियों से ध्यान हटा रही है। कांग्रेस को ही यह बताना चाहिए कि वीआईपी कौन है और उसने अदालत को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी? उन्होंने कहा कि जिस वायरल ऑडियो-वीडियो को राजनीतिक हथियार बनाने का अनैतिक कार्य कांग्रेस कर रही है, उसको लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसमें ऑडियो बताए जा रहे एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उनकी आवाज के साथ एआई की मदद से छेड़छाड़ कर यह वीडियो और ऑडियो तैयारी की गई है।
