Bjp state media incharge-अंकिता भंडारी हत्याकांड में विपक्ष की मांग पर सत्ताधारी पार्टी ने जताई आशंका
देहरादून,
भाजपा के पूर्व विधायक और उनकी महिला मित्र के बीच अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर हुई वार्ता और इसके वायरल ऑडियो-वीडियो के आधार पर कांग्रेस द्वारा इस घटना की सीबीआई जांच भाजपा को रास नहीं आ रही है। सत्ताधारी दल ने आशंका जताई है कि सीबीआई जांच शुरू होने से उन दोषियों को मदद मिल सकती है जिन्हें निचली अदालत से सजा हो चुकी ही।
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी वीआईपी को लेकर नए नए नाम उछाल कर, दिवंगत बेटी को अपमानित करने का पाप कर रही है। कांग्रेस के नेता बार बार बिना सबूतों और तथ्यों के राजनीतिक लाभ की दृष्टि से इस मुद्दे पर भ्रम फैला रहे हैं। विपक्ष की मंशा पर सवाल खड़ा करते हुए चौहान ने कहा कि जो आज सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, वे बार-बार इस संवैधानिक जांच एजेंसी पर उंगली उठाते रहे हैं। इनके ही आरोप हैं कि सीबीआई सरकार के दबाव में पक्षपात करती है, हमेशा विपक्ष के नेताओं को झूठे केसों में फंसाती है। ऐसे में संदेह होना लाजिमी है वह अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग क्यों कर रहे हैं। मनवीर ने कहा कि क्या कांग्रेस से जुड़े अन्य प्रकरणों में हो रही सीबीआई जांच पर भी उनका यही रुख रहेगा? उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि कांग्रेस द्वारा सीबीआई जांच की मांग अंकिता हत्याकांड के सजायाफ्ता मुजरिमों को मदद पहुंचा सकती है।